साइक्लोन ‘दितवाह’ का कहर: श्रीलंका में 46 की मौत, तमिलनाडु सहित 5 राज्यों में हाई अलर्ट

साइक्लोन ‘दितवाह’ श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद अब भारत के लिए खतरा बनता जा रहा है। श्रीलंकाई तट को पार करने के बाद यह भीषण चक्रवात धीरे-धीरे भारत की ओर बढ़ रहा है।

श्रीलंका में साइक्लोन ‘दितवाह’ ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 12 घंटों में तूफान और तीव्र हो सकता है।

पिछले 24 घंटों में 300 mm से अधिक बारिश ने कई इलाकों को जलमग्न कर दिया और जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आईं। तूफान का सबसे ज्यादा असर श्रीलंका के पूर्वी और मध्य हिस्सों में देखा गया। डिजास्टर मैनेजमेंट सेंटर (DMC) के अनुसार, 43,991 लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं, ट्रेनों की सेवाएं रोक दी गई हैं और कोलंबो स्टॉक एक्सचेंज ने भारी बारिश के कारण ट्रेडिंग समय से पहले बंद कर दी।

फ्लाइट संचालन पर भी बड़ा असर पड़ा है। कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा है। DMC के इमरजेंसी ऑपरेशंस डायरेक्टर ब्रिगेडियर एस. धर्मविक्रमा ने बताया कि कई गांवों में सड़कें लैंडस्लाइड से बंद होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन मुश्किल हो रहा है। श्रीलंका के पोर्ट्स और सिविल एविएशन मंत्री ने संकेत दिया है कि अगर हालात और बिगड़ते हैं, तो उड़ानों को त्रिवेंद्रम या कोचीन एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया जा सकता है। मस्कट, दुबई, नई दिल्ली और बैंकॉक सहित कई उड़ानों को पहले ही रीडायरेक्ट किया जा चुका है।

भारत में बढ़ा अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बना यह चक्रवात अब भारत की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने प्री-साइक्लोन अलर्ट जारी किया है। इसका असर उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल तक पहुंच सकता है। 30 नवंबर तक इन क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। तटीय इलाकों में मछुआरों को सतर्क कर दिया गया है और समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।