राजस्थान और MP के 37 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं ने कई राज्यों में ठिठुरन बढ़ा दी है। राजस्थान के 18 शहरों में शुक्रवार को तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया। 7 शहरों में तापमान 5 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। फतेहपुर 1.9 डिग्री के साथ सबसे ठंडा शहर रहा। लूणकरणसर में 3.2, सीकर में 3 और नागौर में 3.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश के 19 शहरों में भी पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया। पचमढ़ी में तापमान सबसे कम 5.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाओं के कारण 7 और 8 दिसंबर को ठंड और बढ़ सकती है।

इधर, IMD ने उत्तराखंड में रविवार को बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट संभव है। कई जिलों में पारा पहले ही शून्य से नीचे पहुंच चुकी है। केदारनाथ में शुक्रवार को -14 और बद्रीनाथ में -11 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। शुक्रवार को राज्य के सभी शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ। 14 शहरों में पारा 5 डिग्री से कम रहा। लाहौल-स्पीति के ताबो में -8.3 और कुकुमसैरी में -5.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।