मध्य प्रदेश में ठंड ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

उत्तर भारत में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में रविवार को न्यूनतम तापमान तीन से सात डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन और बढ़ गई है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में रविवार को पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर सहित कई जिलों में शीतलहर चली, वहीं इंदौर में सर्दी ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रविवार रात इंदौर का तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो 24 दिसंबर 2015 के बाद सबसे कम है, जब यहां 7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था।

उधर, उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में सोमवार को इस सीजन का पहला घना कोहरा छाया रहा। पीलीभीत और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़क पर 10 मीटर की दूरी तक भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। अयोध्या प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जम्मू-कश्मीर में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। अमरनाथ यात्रा बेस कैंप रविवार को माइनस 4.3 डिग्री तापमान के साथ जम्मू-कश्मीर की सबसे ठंडी जगह रहा। हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे पर हल्की बर्फबारी होने से पहाड़ों पर बर्फ की सफेद परत जम गई है।