जापान में तेज भूकंप से 33 घायल, प्रधानमंत्री ने आपात टास्क फोर्स गठित की

बीती रात जापान में आए 7.5 तीव्रता के भूकंप ने पूरे देश में दहशत फैला दी। भूकंप के तुरंत बाद तटीय इलाकों में सुनामी की लहरें उठीं, जिससे हालात और गंभीर हो गए। सड़कों के धंसने और इमारतों के क्षतिग्रस्त होने जैसी कई चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। फायर और आपदा प्रबंधन एजेंसी के मुताबिक अब तक 33 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 1 की हालत नाजुक है।

स्थिति को संभालने के लिए प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने इमरजेंसी टास्क फोर्स का गठन किया है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है और सभी परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा जांच तुरंत शुरू कर दी गई है।

रात करीब 11:15 बजे आए इस भूकंप का केंद्र जापान के होन्शू आइलैंड के पास था। झटके इतने तेज थे कि समुद्र में ऊँची लहरें उठने लगीं और जापान सहित प्रशांत महासागर के कई देशों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया गया। भूकंप का केंद्र आओमोरी प्रांत के तट से लगभग 80 किमी दूर और 50 किमी की गहराई पर था। जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि होक्काइडो के उराकावा और आओमोरी के मुत्सु ओगावारा में करीब 40 सेंटीमीटर ऊँची सुनामी दर्ज की गई। एनएचके के अनुसार, आओमोरी के हाचिनोहे शहर के एक होटल में भी कई लोग घायल हुए हैं।