मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाओं ने सर्दी बढ़ा दी है। कई शहरों में सोमवार रात तापमान 6 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में सबसे कम पारा 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। भोपाल, इंदौर सहित नौ जिलों में मंगलवार को शीतलहर का अलर्ट जारी है। अनुमान है कि कई शहरों में तापमान 5 डिग्री से भी नीचे जा सकता है।
राजस्थान में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। सोमवार को राज्य के 19 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने 10 दिसंबर से राज्य में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
उधर, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर तेज हो गया है। उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में सोमवार दोपहर भारी बर्फबारी हुई, जिससे पहाड़ सफेद चादर से ढक गए। कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जहाँ बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग बर्फ का लुत्फ उठाते दिखाई दिए।
हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी ने रफ्तार पकड़ ली है। कुल्लू जिले में रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी होने से मनाली–लेह मार्ग को बंद कर दिया गया है।