थाईलैंड पुलिस की हिरासत में लूथरा ब्रदर्स, भारत प्रत्यर्पण की तैयारी तेज

गोवा क्लब अग्निकांड की जांच से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों की पहली तस्वीर भी सामने आ चुकी है।

हादसे के बाद दोनों भाई दिल्ली से थाईलैंड के फुकेट भाग गए थे। इससे पहले गोवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूथरा ब्रदर्स का पासपोर्ट सस्पेंड कर दिया था। बता दें कि इस नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 20 स्टाफ और 5 पर्यटक शामिल थे।

आग लगते ही बुक कराई थी टिकट

जानकारी के अनुसार, जिस समय क्लब में आग लगी थी और बचाव कार्य चल रहा था, उसी दौरान लूथरा ब्रदर्स ने थाईलैंड की टिकट बुक कर ली और दिल्ली से उड़ान भरकर देश छोड़ दिया। दोनों पर गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज है।

हिरासत में लिए गए लूथरा ब्रदर्स की तस्वीर आई सामने

थाईलैंड में हिरासत में लिए जाने के बाद लूथरा ब्रदर्स की पहली तस्वीर सामने आई है। एएनआई के मुताबिक, दोनों को जल्द ही दिल्ली लाया जाएगा।

अग्निकांड के बाद प्रशासन का नया आदेश

अरपोरा स्थित नाइट क्लब में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन कड़ा आदेश जारी किया है। बुधवार शाम जारी आदेश में पर्यटक स्थलों पर पटाखे, फुलझड़ी और किसी भी प्रकार की आतिशबाजी के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है।

मामले से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत लागू किया गया है। नई पाबंदी उत्तर गोवा के सभी नाइट क्लब, बार, रेस्टोरेंट, होटल, गेस्टहाउस, रिसॉर्ट, बीच शैक और अस्थायी ढांचों जैसी सभी जगहों पर लागू होगी।