इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए 16 दिसंबर 2025 को अबू धाबी के एतिहाद एरीना में मिनी ऑक्शन आयोजित हुआ। इस नीलामी में मुंबई इंडियंस सबसे कम पर्स के साथ उतरी थी। फ्रेंचाइज़ी ने ऑक्शन से पहले ही रिटेंशन और ट्रेड के जरिए अपनी टीम की रूपरेखा काफी हद तक तैयार कर ली थी। आमतौर पर नीलामी में टीम संयोजन योजना के अनुसार नहीं बन पाता, लेकिन मुंबई इंडियंस ने इस बार अलग रणनीति अपनाई और ट्रेड के जरिए कम कीमत में खिलाड़ियों को शामिल कर अपनी कमियों को काफी हद तक दूर करने में सफलता हासिल की।
ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने इन खिलाड़ियों को किया शामिल
IPL 2026 की मिनी ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने कुल पांच खिलाड़ियों को अपनी टीम में जोड़ा। टीम को एक विदेशी सहित पांच खिलाड़ियों की जरूरत थी, जिसे उसने सफलतापूर्वक पूरा किया। दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को मुंबई ने 1 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके अलावा चार युवा भारतीय खिलाड़ियों को बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया गया। इनमें दानिश मालेवार (30 लाख), बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद इजहार (30 लाख), ऑलराउंडर अथर्व अंकोलेकर (30 लाख) और ऑलराउंडर मयंक रावत (30 लाख) शामिल हैं। 25 खिलाड़ियों का स्क्वॉड पूरा होने के बाद भी मुंबई इंडियंस के पर्स में 55 लाख रुपये शेष रहे।
ट्रेड के जरिए टीम में आए ये खिलाड़ी
मुंबई इंडियंस ने ट्रेड विंडो का भी भरपूर इस्तेमाल किया। ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को लखनऊ सुपर जायंट्स से 2 करोड़ रुपये में और वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड को गुजरात टाइटंस से 2.6 करोड़ रुपये में कैश डील के जरिए ट्रेड किया गया। इसके अलावा लेग स्पिन विकल्प को मजबूत करने के लिए मयंक मार्कंडे को कोलकाता नाइट राइडर्स से 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया।
IPL 2026 के लिए मुंबई इंडियंस की पूरी स्क्वॉड
रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, रॉबिन मिंज, रेयान रिकल्टन, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सेंटनर, विल जैक्स, कार्बिन बॉश, राज अंगद बावा, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, रघु शर्मा, अल्लाह गजनफर, मयंक मार्कंडे (KKR से ट्रेड), शार्दुल ठाकुर (LSG से ट्रेड), शेरफेन रदरफोर्ड (GT से ट्रेड), क्विंटन डिकॉक, दानिश मालेवार, मोहम्मद इजहार, अथर्व अंकोलेकर और मयंक रावत।
