उत्तरी भारत में छाई घनी धुंध का असर अब रेल यातायात पर साफ तौर पर नजर आने लगा है। कोहरे के चलते कई ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है, जिससे यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश भी इस कोहरे की चपेट में आ गया है, जहां ट्रेनों के संचालन में लगातार देरी दर्ज की जा रही है।
वंदे भारत के यात्री भी हुए परेशान
दिल्ली से हिमाचल प्रदेश के ऊना के लिए रवाना होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार को अपने निर्धारित समय से करीब 45 मिनट की देरी से अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन को सुबह 11:05 बजे स्टेशन पर पहुंचना था, लेकिन घने कोहरे के कारण यह दोपहर 12:04 बजे पहुंच सकी।
तीन घंटे देरी से पहुंची हिमाचल एक्सप्रेस
वहीं दिल्ली से चलने वाली हिमाचल एक्सप्रेस भी कोहरे के असर से अछूती नहीं रही। ट्रेन का निर्धारित प्रस्थान समय रात 10:50 बजे था, लेकिन यह 11:20 बजे दिल्ली से रवाना हुई। दौलतपुर रेलवे स्टेशन पर इसके पहुंचने का समय सुबह 7:35 बजे तय था, जबकि ट्रेन करीब तीन घंटे की देरी से सुबह 10:30 बजे स्टेशन पहुंची।
रेलवे अधिकारियों की चेतावनी
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि धुंध और कम दृश्यता के कारण ट्रेनों की गति सीमित रखनी पड़ रही है, जिससे आने वाले दिनों में भी ट्रेनों के देरी से चलने की संभावना बनी हुई है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।