दिल्ली से बिहार और कश्मीर से पंजाब तक ठंड का कहर जारी, घने कोहरे ने रोकी रफ्तार

पूरा उत्तर भारत इस समय घने कोहरे की चपेट में है। शीतलहर के कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। दिल्ली से बिहार तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है।

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि अगले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। विभाग ने उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में शीतलहर और कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30 दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट रहेगा। हालांकि, 1 जनवरी के बाद कोहरे से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

रविवार को कैसा रहा मौसम

रविवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पंजाब में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे रेल, सड़क और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली में हवा की गुणवत्ता भी काफी खराब दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक पंजाब और हरियाणा के अधिकांश इलाकों में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। शनिवार को पंजाब के बल्लोवाल सौंखरी में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में यह 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजस्थान के मौसम का हाल

रविवार को राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक अलवर, झुंझुनू, सीकर, चुरु और डीडवाना-कुचामन जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के मौसम की स्थिति

पूर्वी उत्तर प्रदेश इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर का असर देखा गया और दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा। IMD ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में सोमवार और मंगलवार को घना कोहरा छा सकता है, जबकि पूर्वी यूपी में भी आने वाले दिनों में घना कोहरा और शीतलहर बनी रह सकती है।

राज्य के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। गोरखपुर में अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से सैलानी खुश

कश्मीर में चिल्लेकलां के दौरान कड़ाके की ठंड जारी है और सोनमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा। श्रीनगर सहित अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के कारण 2 जनवरी तक ताजा बर्फबारी और बारिश की संभावना है। विशेष रूप से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को निचले इलाकों में भी बर्फबारी हो सकती है।

कोहरे ने थामी रफ्तार

लगातार कोहरे और शीतलहर के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़क, रेल और हवाई यातायात पर इसका खासा असर पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर रविवार को 10 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं, जबकि कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा। कोहरे के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं और कई ट्रेनें 10 घंटे से अधिक की देरी से चलीं। सड़कों पर वाहन बेहद धीमी गति से चलते नजर आए।