जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है। इसका असर मैदानी राज्यों पर नजर आ रहा है। जम्मू-कश्मीर की सोनमर्ग टनल के पास तेज बर्फबारी हुई।
हिमाचल में के लाहौल स्पीति में 30 दिसंबर की शाम से बर्फबारी जारी है। यहां तापमान -10°C तक जा सकता है। मध्य प्रदेश में शहडोल के कल्याणपुर में तापमान 1.7°C रहा।
छत्तीसगढ़ के मैनपाट में रात का तापमान 2°C पहुंचा। अंबिकापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में ओस जम गई। 4 संभाग कोल्ड वेव की चपेट में हैं। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच 2 दिन बारिश की भी चेतावनी है।
दिल्ली-NCR में बुधवार की सुबह घनी धुंध के साथ हुई। दिल्ली के कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य रही। IGI एयरपोर्ट पर आज 148 फ्लाइट कैंसिल की गई हैं। 150 फ्लाइट देरी से ऑपरेट हो रही हैं।
एयरपोर्ट ने यात्रियों को एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया कि CAT III लागू किया गया है। फ्लाइट्स में देरी हो सकती है। फ्लाइट कैंसिल भी हो सकती हैं।
सर्दी और खराब मौसम का असर
श्रीनगर एयरपोर्ट पर बुधवार को 6 फ्लाइट रद्द की गईं। इनमें इंडिगो की 1, एअर इंडिया की 3 और एअर इंडिया एक्सप्रेस की 1 फ्लाइट शामिल है। स्पाइसजेट की 1 फ्लाइट ऑपरेशनल कारणों से कैंसिल की गई है।
असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले में सर्दी और खराब मौसम के कारण सभी सरकारी और प्रोविंसिलाइज्ड स्कूलों की छुट्टी 6 जनवरी तक के लिए की गई है। प्राइवेट स्कूलों को खुद से फैसला लेने का कहा गया है।
1 जनवरी: बारिश-बर्फबारी के आसार
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कोहरे का अलर्ट।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के संकेत।
पहाड़ी राज्यों के निचले इलाकों में हल्की बारिश, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण कई इलाकों में सर्दी और शीतलहर का असर बढ़ सकता है।
2 जनवरी: पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ में घने कोहरे का अलर्ट।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के निचले इलाकों में बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के आसार, जिससे सर्दी और बढ़ेगी।