राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण यात्रियों की परेशानी लगातार बनी हुई है। शुक्रवार को भी कोहरे की वजह से कई फ्लाइट्स और 45 से अधिक ट्रेनों में देरी दर्ज की गई। दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
शुक्रवार को दिल्ली आने वाली भुवनेश्वर राजधानी और रांची राजधानी सहित 45 से ज्यादा ट्रेनें दो घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव करना पड़ा है।
नई दिल्ली–दरभंगा हमसफर स्पेशल करीब साढ़े छह घंटे, नई दिल्ली–सोगरिया (कोटा) सुपरफास्ट एक्सप्रेस दो घंटे और नई दिल्ली–लखनऊ गोमती एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हुई। शाम तक कुछ अन्य ट्रेनों के प्रस्थान समय में और बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है।
लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ-साथ कई लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं, जिससे सुबह कार्यालय जाने वाले यात्रियों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। वंदे भारत ट्रेनों के लिए अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें समय पर संचालित किया जा सके। इसके साथ ही स्थिति पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया गया है।