पहाड़ों में बर्फबारी का असर: दिल्ली-यूपी-बिहार में ठिठुरन, राजस्थान में नए साल पर पहली बार 0 डिग्री

नए साल की शुरुआत के साथ ही देशभर में तापमान तेजी से गिरने लगा है। कई राज्यों में सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। राजस्थान में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्रों में गलन और ठिठुरन बढ़ गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, ओडिशा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में शीतलहर के साथ घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। मौसम विभाग ने केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत कई क्षेत्रों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसका असर निचले इलाकों में भी देखने को मिल सकता है, जहां तापमान में अचानक गिरावट आने की संभावना है।

दिल्ली में शीतलहर का अलर्ट

राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।

राजस्थान में लुढ़का तापमान

राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, सीकर और हनुमानगढ़ समेत 10 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक कोहरा छाए रहने की संभावना है। भोपाल और इंदौर में हल्की बारिश भी हो सकती है।

यूपी-बिहार में बढ़ेगी ठंड

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी 9 जनवरी तक शीतलहर और कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान धूप निकलने की संभावना कम है और आसमान में घना कोहरा छाया रह सकता है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण दोनों राज्यों में गलन और ठिठुरन और बढ़ सकती है।