द्रास में हुई ताज़ा स्नोफॉल, बर्फ की चादर में लिपटे पहाड़ और वादियां

कारगिल के द्रास में इस साल की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे पूरा इलाका बर्फीले लोक में तब्दील हो गया है। बर्फ की सफेद चादर ने पहाड़ों और घाटियों को ढक लिया है, जिससे द्रास की प्राकृतिक खूबसूरती और भी निखर गई है। यह मनमोहक नजारा स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी खासा आकर्षित कर रहा है।

शीतलहर से बढ़ी ठंड

उधर, जम्मू-कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी बर्फबारी और शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। बर्फ गिरने से प्रदेश में सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है। बीते शुक्रवार को अधिकांश जिलों में धूप खिली रही, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण दिनभर गलन बनी रही। रात के समय तापमान में और गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।

सीजन का सबसे ठंडा दिन

जम्मू में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 3.8 डिग्री की गिरावट के साथ 14.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं श्रीनगर में अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री, पहलगाम में 8.0 डिग्री और गुलमर्ग में 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

6 जनवरी को फिर बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, 6 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं जम्मू सहित मैदानी क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।