यूपी के सभी 75 जिलों में जनगणना का बिगुल बजा, DM को मिली बड़ी जिम्मेदारी

प्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके प्रभावी क्रियान्वयन और सुचारु संचालन के लिए राज्य के सभी जनपदों में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति का गठन कर दिया गया है। इस समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी होंगे।

समिति में मुख्य विकास अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। जिन जिलों में नगर निगम है, वहां नगर आयुक्त भी समिति के सदस्य होंगे। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी तथा जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि को भी समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

इस जिला स्तरीय समिति का कार्यकाल 1 जनवरी 2026 से 30 जून 2027 तक रहेगा। समिति जनगणना-2027 से जुड़ी सभी तैयारियों की निगरानी करेगी। इसमें प्रशिक्षण, मकान सूचीकरण, जनसंख्या गणना, जिला जनगणना पुस्तिका का निर्माण, आंकड़ों का प्रकाशन और वित्तीय उपयोगिता प्रमाण पत्र से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराना शामिल होगा।