दिल्ली में 4.2 डिग्री के साथ सीजन की सबसे ठंडी सुबह, घने कोहरे से IGI एयरपोर्ट की विज़िबिलिटी प्रभावित

सर्दी के लगातार बढ़ते असर के बीच शनिवार सुबह भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तापमान साढ़े चार डिग्री से नीचे आ गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है तथा तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

शनिवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता बुरी तरह प्रभावित हुई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर दृश्यता घटकर महज 100 मीटर रह गई।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप भी खिली रहेगी।

दूसरी ओर, राजधानी की वायु गुणवत्ता फिलहाल ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शनिवार सुबह नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 363 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक दिल्ली का एक्यूआई ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ स्तर पर ही बना रह सकता है।