उत्तर प्रदेश में बुधवार को कड़ाके की सर्दी देखने को मिली। राज्य के 19 शहरों का न्यूनतम तापमान शिमला (6.6°C) से भी नीचे दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान मुजफ्फरनगर में 2.1°C रहा। मेरठ, संभल समेत 25 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण बिजनौर में एक बस पलट गई, जिसमें 38 यात्री घायल हो गए।
हरियाणा में आज सीवियर कोल्डवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के 14 जिलों में तेज सर्दी का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि अन्य जिलों में घना कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। बीते 24 घंटों में हरियाणा के अधिकतम तापमान में 3.8°C की गिरावट दर्ज की गई है। करनाल में अधिकतम तापमान 10.0°C रहा।
राजस्थान के 5 जिलों में सर्दी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से मौसम साफ होने के आसार हैं और कोल्डवेव से राहत मिलेगी। मंगलवार को राज्य का अधिकतम तापमान 27.0°C तक पहुंच गया। गंगानगर और हनुमानगढ़ को छोड़कर शेष जिलों में अधिकतम तापमान 20°C से 27°C के बीच दर्ज किया गया।
बिहार के 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे चला गया है। सबसे कम तापमान भागलपुर के सबौर में 5.9°C रिकॉर्ड किया गया। ठंड को देखते हुए पटना में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई सुबह 9 बजे से कर दी गई है।
उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड के चलते पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में झरने जम गए हैं। यहां तापमान माइनस 16°C तक गिर गया है।
वहीं, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में स्मॉग और घने कोहरे के कारण चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 8 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 10 फ्लाइट्स 1 से 3 घंटे की देरी से संचालित हो रही हैं।