विराट कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड ने भारत को दूसरे वनडे में 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। बुधवार को राजकोट में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 284 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल के शानदार शतक की बदौलत लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।

इस मैच में विराट कोहली ने 23 रन बनाए, लेकिन इसके साथ ही वे न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। वहीं, रोहित शर्मा ने एशिया में अपने 7000 वनडे रन पूरे किए। मैच का टर्निंग पॉइंट उस वक्त आया, जब प्रसिद्ध कृष्णा ने डेरिल मिचेल का आसान कैच छोड़ दिया, जिसका पूरा फायदा न्यूजीलैंड को मिला।

IND vs NZ दूसरा वनडे: रिकॉर्ड्स और उपलब्धियां

1. सचिन से आगे निकले विराट

विराट कोहली ने अपनी पारी का पहला रन बनाते ही सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वे अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। सचिन के नाम 1750 रन थे, जबकि कोहली अब 1773 रन बना चुके हैं। ओवरऑल रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (1971 रन) के नाम है।

2. केएल राहुल का बेस्ट वनडे स्कोर

केएल राहुल ने 112 रन की नाबाद पारी खेली और वनडे क्रिकेट में अपने सर्वोच्च स्कोर की बराबरी की। इससे पहले उन्होंने 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही 112 रन बनाए थे।

3. राहुल का अनोखा रिकॉर्ड

राहुल ने भारत में पहली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे शतक लगाया। इससे पहले वे न्यूजीलैंड में भी कीवी टीम के खिलाफ शतक लगा चुके हैं। वे ऐसे छठे भारतीय बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने न्यूजीलैंड में और भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे शतक लगाया हो।

4. रोहित शर्मा के एशिया में 7000 रन पूरे

रोहित शर्मा ने 24 रन की पारी के साथ एशिया में अपने 7000 वनडे रन पूरे किए। वे ऐसा करने वाले सातवें खिलाड़ी बने। इससे पहले भारत और श्रीलंका के तीन-तीन खिलाड़ी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

5. भारत में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा रन चेज

न्यूजीलैंड ने भारत में अपना सबसे बड़ा वनडे लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज किया। इससे पहले टीम ने मुंबई में भारत के खिलाफ 284 रन का लक्ष्य हासिल किया था।

मैच के टॉप मोमेंट्स

1. वर्ल्ड कप फाइनल जैसी कोहली की आउटिंग

विराट कोहली 29 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हुए। क्रिस्टियन क्लार्क की इनस्विंगर गेंद पर वे सिंगल लेने की कोशिश में आउट हुए। यह आउट 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके आउट होने से काफी मिलती-जुलती रही।

2. प्रसिद्ध कृष्णा से छूटा मिचेल का कैच

36वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने डेरिल मिचेल का कैच छोड़ दिया, जब मिचेल 82 रन पर थे। इसके बाद मिचेल ने शतक पूरा किया और न्यूजीलैंड को जीत दिलाई।