राजधानी पर 4 डिग्री का टॉर्चर! घने कोहरे में डूबी दिल्ली, हवा ‘बहुत खराब’

शनिवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह साढ़े छह बजे दृश्यता घटकर करीब 350 मीटर रह गई, जबकि सुबह नौ बजे इसमें कुछ सुधार हुआ और दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई। सफदरजंग में हालात और खराब रहे, जहां सुबह साढ़े छह बजे दृश्यता 250 मीटर रही, जो नौ बजे घटकर 200 मीटर तक पहुंच गई। राजधानी के अन्य कई क्षेत्रों में भी घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं कुछ उड़ानों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया था।

ठंड का असर भी बरकरार रहा। राजधानी में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।

प्रदूषण के मोर्चे पर भी हालात गंभीर बने हुए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार सुबह नौ बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 376 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। राजधानी के 14 इलाकों में AQI 400 से अधिक यानी ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज हुआ। इनमें आनंद विहार सबसे अधिक प्रदूषित रहा, जहां AQI 451 मापा गया। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर राजधानी की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बने रहने की आशंका है।