देश के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। रविवार को जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई, जहां सोनमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में खासतौर पर घाटी के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में पारा माइनस 6.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हुई। लाहौल एवं स्पीति जिले के कोक्सर और हंसा गांवों में बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में 20 जनवरी तक हल्की बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि निचले और मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। राज्य के मैदानी जिलों में भी ठंड का असर देखने को मिला। हमीरपुर, ऊना और मंडी में न्यूनतम तापमान क्रमशः 2.1, 2.7 और 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली-एनसीआर में भी ठंड और कोहरे का असर बना रहा। रविवार सुबह राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चपेट में रही और न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। चंडीगढ़ में भी रात ठंडी रही और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से करीब दो डिग्री कम रहा।
पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। होशियारपुर में पारा 3.4 डिग्री, जबकि पटियाला और फरीदकोट में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, गुरदासपुर में 5.8 डिग्री और बठिंडा में 7 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा में भी शीतलहर का असर जारी रहा। नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला में पारा 6.8 डिग्री और रोहतक में 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। राज्य के 11 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। सबसे कम तापमान गुमला में 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद खूंटी में 3.9 डिग्री और पलामू में 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, चाईबासा में 8.2 डिग्री और जमशेदपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।