राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट, विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम होने की चेतावनी

देश के उत्तरी इलाकों में मंगलवार को भी मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के आने का अलर्ट है। यहां 5 दिन बाद आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल कई जिले कोहरे की चपेट में हैं, जिसके कारण विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के 10 शहरों में आज भी कोहरा छाया है। आगरा में ताज महल धुंध में छिप गया है। अगले 5 दिन तक यहां भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ, बाराबंकी, हाथरस समेत 5 शहरों में बारिश हुई, जबकि अलीगढ़ और लखीमपुर खीरी में एक दिन पहले ओले भी गिरे।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में नदी-नाले और झरने जम चुके हैं। औली में पारा माइनस 8 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसके कारण पानी जमने लगा है।

मौसम यह पूरा बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के आने से पहले ही होने लगा है। दरअसल, यह पश्चिम से आने वाली हवा और बादलों का एक सिस्टम है। जैसे ही यह एक्टिव होगा, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश होगी। तापमान में गिरावट आएगी, साथ ही पाला पड़ने और कोल्डवेव के हालात बन सकते हैं।

अगले 2 दिन के मौसम का हाल…

21 जनवरी

उत्तर भारत में सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन बनी रहेगी। कई इलाकों में कोहरा छाया रह सकता है।

राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। मिनिमम टेम्परेचर में गिरावट रहेगी।

22 जनवरी

उत्तर भारत आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।

राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में कोहरा भी छाया रह सकता है।