देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने बारिश और ओलावृष्टि के दौर की चेतावनी जारी की है। आज से राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और पंजाब-हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय हो रहा है।
इस सिस्टम के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के 15, जबकि राजस्थान और हरियाणा के 6-6 जिलों में बारिश की संभावना है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में आज बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 22 से 24 जनवरी के बीच तेज बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
उत्तराखंड के 5 जिलों में आज और कल बर्फबारी का अलर्ट है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। चमोली जिले के वाण गांव में झरना जमने की तस्वीरें सामने आई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में अगले 7 दिनों के दौरान लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौसम और बिगड़ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं और बादलों का एक सिस्टम होता है। इसके सक्रिय होने पर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होती है। साथ ही तापमान में गिरावट, पाले और शीतलहर की स्थिति बन सकती है।
अगले 2 दिन का मौसम पूर्वानुमान
23 जनवरी:
पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि सुबह और शाम ठंड बनी रहेगी।
24 जनवरी:
पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा, लेकिन मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर बढ़ सकता है।