टैरिफ पर बड़ी राहत की उम्मीद: भारत से 25% टैक्स हटा सकता है अमेरिका, ट्रंप के मंत्री का दावा

अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल खरीदने के चलते भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगा रखा है। हालांकि अब इस टैरिफ को हटाने को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने दावा किया है कि भारत ने रूस से तेल आयात में बड़ी कटौती की है, जिसके चलते अमेरिका जल्द ही 25 प्रतिशत टैरिफ हटाने पर विचार कर सकता है।

पॉलिटिको को दिए एक इंटरव्यू में स्कॉट बेसेंट ने कहा कि भारत पर टैरिफ फिलहाल लागू है, लेकिन रूस से कच्चे तेल की खरीद में कमी आने से अमेरिका को अपनी टैरिफ नीति पर दोबारा विचार करने का मौका मिला है। उन्होंने बताया कि यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद अमेरिका ने भारत को रूसी तेल खरीदने से हतोत्साहित करने के लिए यह टैरिफ लगाया था। उस समय अमेरिकी प्रशासन का दावा था कि भारतीय रिफाइनरियों ने भारी छूट पर मिलने वाले रूसी कच्चे तेल की खरीद काफी बढ़ा दी थी।

बेसेंट के मुताबिक, अब भारत की ओर से रूसी कच्चे तेल की खरीद लगभग बंद हो चुकी है। ऐसे में अमेरिका इस 25 प्रतिशत टैरिफ को हटाने पर गंभीरता से विचार कर सकता है। उन्होंने इसे अमेरिका की टैरिफ नीति की सफलता बताया और कहा कि इससे भारत-रूस के व्यापारिक संबंधों पर असर पड़ा है।

इस दौरान स्कॉट बेसेंट ने यूरोपीय देशों की नीति की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक तरफ यूरोपीय देश सार्वजनिक मंचों पर रूस की आलोचना कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर वही देश भारतीय रिफाइनरियों में प्रोसेस किए गए रूसी कच्चे तेल से बने रिफाइंड उत्पादों की खरीद कर रहे हैं। बेसेंट ने इसे दोहरे मापदंडों की नीति बताते हुए यूरोपीय सरकारों की आलोचना की।