77वां गणतंत्र दिवस: शक्तिबाण, दिव्यास्त्र और सूर्यास्त्र के साथ कर्तव्य पथ पर दिखा भारत का दम

भारत आज, 26 जनवरी 2026 को अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह की थीम ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर केंद्रित है। समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का भव्य प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों के साथ-साथ तीनों सेनाओं की टुकड़ियां देश की एकता और ताकत का संदेश दे रही हैं। गौरतलब है कि 26 जनवरी, 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ था, जिसने भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य का स्वरूप प्रदान किया।