संजय लीला भंसाली ने कर्तव्य पथ पर रची सिनेमा की गाथा, गणतंत्र दिवस परेड में दिखी ‘भारत कथा

77वें गणतंत्र दिवस की परेड भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बन गई, जब मशहूर फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सहयोग से ‘भारत गाथा’ थीम पर आधारित एक विशेष झांकी कर्तव्य पथ पर प्रस्तुत की। यह झांकी भारतीय सिनेमा की विरासत, उसकी कहानी कहने की परंपरा और सांस्कृतिक प्रभाव को भव्य रूप में सामने लाती नजर आई।

भंसाली ने रचा इतिहास

कर्तव्य पथ पर इस झांकी के प्रस्तुतीकरण के साथ ही एक नया इतिहास रच गया। संजय लीला भंसाली गणतंत्र दिवस जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समारोह में भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने वाले पहले भारतीय फिल्म निर्देशक बन गए। ‘भारत गाथा’ झांकी ने सिनेमा को केवल मनोरंजन या कला के माध्यम के रूप में नहीं, बल्कि भारत की सदियों पुरानी कथा परंपरा के सशक्त विस्तार के रूप में प्रस्तुत किया। लोककथाओं, महाकाव्यों, रंगमंच और संगीत से होते हुए सिनेमा तक पहुंची इस परंपरा को झांकी के जरिए जीवंत किया गया।

संजय लीला भंसाली ने जताया गर्व

इस अवसर पर संजय लीला भंसाली ने कहा कि ‘भारत गाथा’ थीम के तहत गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सिनेमा और क्रिएटर्स कम्युनिटी का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के साथ मिलकर इस झांकी का निर्माण भारत की अमर कहानियों और उन्हें दोबारा कहने की सिनेमा की शक्ति को समर्पित एक श्रद्धांजलि है।

भंसाली ने यह भी कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन को दर्शाती है, जिसमें भारतीय कहानी कहने की कला को वैश्विक मंच तक ले जाने और सिनेमा को देश की सबसे सशक्त सांस्कृतिक आवाजों में से एक के रूप में स्थापित करने की सोच शामिल है।

भंसाली ही क्यों बने इस झांकी का चेहरा

संजय लीला भंसाली का चयन एक सटीक फैसला माना गया, क्योंकि वे आज के दौर के उन चुनिंदा फिल्म निर्माताओं में से हैं, जो राज कपूर, वी. शांताराम और महबूब खान जैसे सिनेमा के दिग्गजों की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। ‘भारत गाथा’ के माध्यम से गणतंत्र दिवस परेड ने यह स्पष्ट किया कि सिनेमा आधुनिक होते हुए भी भारत की सभ्यतागत कहानी कहने की आत्मा को दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इस झांकी के संगीत को मशहूर गायिका श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी, जिसने इसकी भव्यता को और बढ़ा दिया।