एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र सम्मान मिलने और पूर्व BCCI सचिव इंद्रजीत सिंह बिंद्रा के निधन समेत हालिया राष्ट्रीय घटनाएं सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बेहद अहम हैं। इन करेंट अफेयर्स से जुड़े सवाल प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछे जा सकते हैं।
नेशनल (NATIONAL)
1. कर्नल सोफिया कुरैशी को विशिष्ट सेवा पदक
26 जनवरी को भारतीय थलसेना की कर्नल सोफिया कुरैशी को विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद विंग कमांडर व्योमिका सिंह और विदेश सचिव विक्रम मिश्री के साथ प्रेस ब्रीफिंग की थी।
कम्युनिकेशन एक्सपर्ट कर्नल सोफिया 2016 में मल्टीनेशनल एक्सरसाइज ‘फोर्स-18’ का नेतृत्व करने वाली पहली महिला अधिकारी बनी थीं। यह अभ्यास आसियान-प्लस देशों के साथ आयोजित किया गया था। इसके अलावा उन्होंने 2016-17 के दौरान यूनाइटेड नेशन मिशन (DRC) में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
सेनानी परिवार से आने वाली सोफिया के दादा और पिता दोनों सेना में रहे हैं। उन्होंने 1997 में महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी से बायोकैमिस्ट्री में स्नातक किया और 1999 में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी के माध्यम से सेना में शामिल हुईं।
विशिष्ट सेवा पदक कठिन परिस्थितियों में असाधारण सेवा के लिए दिया जाता है और यह मरणोपरांत भी प्रदान किया जा सकता है। 77वें गणतंत्र दिवस पर कुल 135 सैन्य कर्मियों को यह सम्मान दिया गया।
2. एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मान
26 जनवरी को नई दिल्ली में इंडियन एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें अशोक चक्र मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किया।
शुभांशु NASA के Axiom-4 मिशन के तहत 18 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर रहे। उन्होंने 25 जून 2025 को अंतरिक्ष यात्रा शुरू की और 14 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में जन्मे शुभांशु अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले इकलौते और अंतरिक्ष यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय हैं।
वे ISRO के गगनयान स्पेस मिशन का भी हिस्सा होंगे। अशोक चक्र प्राप्त करने पर केंद्र सरकार की ओर से हर महीने ₹12,000 का भत्ता दिया जाता है, साथ ही टैक्स छूट, मुफ्त रेल यात्रा और हवाई यात्रा में 75% तक की छूट मिलती है।
परंपरा के अनुसार अशोक चक्र विजेता हर साल गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होते हैं। शुभांशु शुक्ला अब से हर वर्ष परेड का हिस्सा रहेंगे।
3. BCCI के पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा का निधन
25 जनवरी को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे 1993 से 1996 तक BCCI के अध्यक्ष रहे।
बिंद्रा ने 1978 से 2014 तक करीब 36 वर्षों तक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। 1980 के दशक में उन्होंने एन.के.पी. साल्वे और जगमोहन डालमिया के साथ मिलकर क्रिकेट वर्ल्ड कप को इंग्लैंड के बाहर आयोजित कराने की पहल की, जिसके परिणामस्वरूप 1987 में भारत-पाकिस्तान में पहली बार वर्ल्ड कप हुआ।
1994 में क्रिकेट प्रसारण में दूरदर्शन की मोनोपॉली खत्म करने के लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की, जिससे निजी और अंतरराष्ट्रीय ब्रॉडकास्टर्स की एंट्री हुई। उनके सम्मान में 2015 में मोहाली स्थित PCA स्टेडियम का नाम बदलकर PCA IS Bindra Stadium रखा गया।
4. जनरल उपेंद्र द्विवेदी और अमेरिकी सेना सचिव की बैठक
25 जनवरी को चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नई दिल्ली में अमेरिकी सेना सचिव डैनियल पी. ड्रिस्कॉल से मुलाकात की। इस दौरान भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग, सैन्य तकनीक और समुद्री सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में सबमरीन स्ट्रक्चर, डिजास्टर रिलीफ, एंटी-पायरेसी और अन्य नॉन-ट्रेडिशनल सुरक्षा चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
5. पहली बार एंटी-शिप हाइपरसोनिक मिसाइल परेड में शामिल
DRDO की लॉन्ग रेंज एंटी-शिप हाइपरसोनिक ग्लाइड मिसाइल (LR-AShM) को पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में प्रदर्शित किया गया। यह मिसाइल सिस्टम 1500 किलोमीटर तक की दूरी पर स्थिर और गतिशील दोनों तरह के लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है।
यह मिसाइल लगभग 15 मिनट में लक्ष्य तक पहुंच सकती है और सभी प्रकार के युद्धपोतों को नष्ट करने में सक्षम मानी जाती है।
आज का इतिहास
27 जनवरी
1880: थॉमस अल्वा एडिसन ने बिजली के बल्ब का पेटेंट कराया
1888: नेशनल ज्योग्राफिक सोसाइटी की स्थापना
1967: अपोलो-1 हादसे में तीन अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों की मृत्यु
1988: भारत में हेलीकॉप्टर डाक सेवा की शुरुआत