वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज 29 जनवरी को संसद में देश का ‘आर्थिक रिपोर्ट कार्ड’ यानी इकोनॉमिक सर्वे पेश किया। सर्वे के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की जीडीपी ग्रोथ 6.8% से 7.2% के बीच रहने का अनुमान है, जबकि चालू वित्त वर्ष में विकास दर 7.4% रह सकती है। इसमें महंगाई, रोजगार, खेती-किसानी, सरकारी कर्ज और विदेशी मुद्रा भंडार जैसे अहम पहलुओं का विस्तृत आकलन किया गया है। सर्वे में बताया गया है कि महंगाई दर आने वाले वर्षों में RBI के तय दायरे में रहने की संभावना है, राजकोषीय घाटा लगातार घट रहा है और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति मजबूत बनी हुई है। यह सर्वे बजट से पहले देश की आर्थिक सेहत, चुनौतियों और आगे की रणनीति की तस्वीर पेश करता है।