दिल्ली में भारत मंडपम में AI समिट में हंगामा करने वाले कांग्रेस के चारों कार्यक्रताओं आज पटियाला कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कहा- प्रदर्शन करने वाले नेपाल के Gen-Z आंदोलन से प्रेरित थे। यह प्रदर्शन एक बड़ी साजिश का हिस्सा था। हंगामे के दौरान कई ग्लोबल लीडर्स और टेक इंडस्ट्री के एक्सपर्ट वहां मौजूद थे।
पुलिस ने कहा कि हमें जांच करने है कि आरोपियों ने पीएम मोदी के चेहरे वाली टी-शर्ट पहनी थी, उसे किसने प्रिंट कराया। इन सभी के मोबाइल रिकवर करने की भी जरूरत है। इसके बाद ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट रवि ने सभी चार आरोपियों 5 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया।
इधर, कांग्रेस के AI समिट में हंगामा करने के विरोध में भाजपा ने दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन किया। दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता ‘कांग्रेस+राहुल गांधी=गद्दार’, ‘देशद्रोही राहुल गांधी माफी मांगे’ के पोस्ट लेकर विरोध किया।
मुंबई के मुलुंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए। गुजरात के सूरत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस का पुतला जलाया। जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। बिहार के पटना में कांग्रेस का पुतला जलाया गया।
भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस ने हंगामा किया
20 फरवरी को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए थे।
इसमें 10 से ज्यादा कार्यकर्ता हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए थे। टी-शर्ट पर PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो लगी है। उस पर लिखा है- PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड।
गिरफ्तार लोगों ने बिहार से यूथ कांग्रेस के नेशनल सेक्रेटरी कृष्ण हरि, बिहार में IYC स्टेट सेक्रेटरी कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश में IYC स्टेट प्रेसिडेंट अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं।