तेजस लड़ाकू विमान का ब्रेक फेल, रनवे पार कर आगे निकला

हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने सोमवार को इंडियन एयर फोर्स (IAF) के फाइटर जेट तेजस के क्रैश की खबरों को गलत बताया है। इसे बनाने वाली HAL ने कहा है कि ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है। ग्राउंड पर सिर्फ एक मामूली तकनीकी गड़बड़ी हुई थी, हवा में कोई दुर्घटना नहीं हुई।

HAL ने बताया कि वह तकनीकी गड़बड़ी की गहराई से जांच की जा रही है और एयरफोर्स के साथ मिलकर जल्द से जल्द उसे ठीक करेगी। कंपनी ने यह भी दावा किया कि LCA तेजस का सेफ्टी रिकॉर्ड दुनिया के आधुनिक फाइटर जेट्स में सबसे बेहतर में से एक है।

रविवार देर रात न्यूज एजेंसी PTI मे सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि 7 फरवरी को तेजस लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया था। PTI के मुताबिक, फाइटर जेट ट्रेनिंग उड़ान के बाद एयरबेस पर लौट रहा था। लैंड करते ही पायलट ने ब्रेक लगाने की कोशिश की।

जब ब्रेक नहीं लगा तो विमान रनवे से आगे निकल गया। हालांकि हादसे से पहले पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया लेकिन विमान को नुकसान पहुंचा है। शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसा किस एयरबेस पर हुआ, PTI ने इसकी जानकारी नहीं दी।

तेजस विमान से जुड़े पिछले 2 हादसे…

21 नवंबर 2025: तेजस फाइटर जेट दुबई एयर शो में क्रैश, पायलट की मौत

पिछले साल नवंबर में दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना का तेजस फाइटर जेट क्रैश हो गया था। हादसा अल मकतूम एयरपोर्ट पर जारी एयर शो में एक डेमो फ्लाइट के दौरान हुआ।

विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई और हवाई अड्डे के ऊपर काले धुएं का गुबार देखा गया। एयरफोर्स ने बताया कि हादसे में पायलट की भी मौत हो गई। जान गंवाने वाले विंग कमांडर नमांश स्याल हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के रहने वाले थे।

12 मार्च 2024: जैसलमेर में तेजस फाइटर जेट क्रैश, इंजन फेल हुआ था

राजस्थान के पोकरण में 'भारत शक्ति युद्धाभ्यास' में शामिल तेजस फाइटर जेट मार्च 2024 में क्रैश हो गया था। यह जैसलमेर शहर से 2 किमी दूर जवाहर नगर स्थित भील समाज के हॉस्टल पर जा गिरा। तेजस के क्रैश होने की यह पहली घटना थी। इंजन फेल होने की वजह से यह फाइटर जेट क्रैश हुआ था। पायलट ने इजेक्शन से पहले ग्राउंड स्टाफ को इंजन में आई खराबी के बारे में बताया भी था।