राज्यसभा चुनाव में अब केवल तीन दिन शेष रह गए हैं। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे बीजेडी और कांग्रेस की चिंता बढ़ती जा रही है।
दोनों दलों को क्रॉस वोटिंग की आशंका सता रही है। खासकर 7-8 विधायकों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, हालांकि बाकी विधायकों पर भी पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा रहा है।
बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने खुद चुनाव की कमान संभाल ली है। दोनों दल हर हाल में अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटे हैं।
रोमांचक मोड़ पर पहुंचा राज्यसभा चुनाव
वहीं, भाजपा पर विपक्षी दलों के विधायकों को तोड़ने की कोशिश का आरोप लगाया जा रहा है, जिससे राज्यसभा चुनाव रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है।
इस बीच बीजेडी सुप्रीमो नवीन पटनायक ने सभी विधायकों को पत्र लिखकर मुख्य सचेतक की ओर से जारी व्हिप का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही शुक्रवार और शनिवार को शाम 5.30 से 7.30 बजे तक नवीन निवास में होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा रविवार को होने वाली बीजेडी विधायक दल की बैठक में उपस्थित रहना भी जरूरी बताया गया है। पार्टी ने निर्देश दिया है कि कोई भी विधायक बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़े।
बीजेडी के बाद कांग्रेस ने भी तीन लाइन का व्हिप जारी कर दिया है। 13 से 16 तारीख के बीच किसी भी विधायक को भुवनेश्वर छोड़कर बाहर नहीं जाने को कहा गया है।
पीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास ने विधानसभा पहुंचकर कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राजनीतिक मर्यादा तोड़ रही है और विधायकों की खरीद-फरोख्त करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी विधायक पार्टी के निर्णय के अनुसार ही मतदान करें।