ICC Men's T20I Rankings: Jasprit Bumrah बिना मैच खेले टॉप–5 में पहुंचे

भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टी-20 बॉलर्स की रैंकिंग के टॉप-5 में वापसी कर ली है। वे बिना कोई मैच खेले टॉप-5 में पहुंच गए हैं। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि टी-20 वर्ल्डकप के बाद हुई साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की 5 मैच की सीरीज में अफ्रीकी टीम में कॉर्बिन बॉश को मौका नहीं मिला है। इससे उन्हें रैंकिंग में नुकसान हुआ और वह छठे स्थान पर खिसक गए।

ICC ने बुधवार को ताजा प्लेयर रैंकिंग जारी की। इसमें जसप्रीत 702 रेटिंग अंक के साथ पांचवें पहुंच गए। बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।

बैटर्स की रैंकिंग में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। भारत के अभिषेक शर्मा (875 रेटिंग पॉइंट्स) टॉप पर हैं। वे जुलाई 2025 से टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं।

बॉलर्स रैंकिंग में कीवी कप्तान सैंटनर को भी फायदा

टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर को फायदा मिला है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की सीरीज के पहले 2 मुकाबलों में उन्होंने 3 विकेट लेने के साथ 35 रन भी बनाए, जिसकी बदौलत सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। वहीं, अभी तीन मैच बाकी हैं। इस प्रदर्शन के दम पर सैंटनर गेंदबाजों की रैंकिंग में 11 स्थान की छलांग लगाकर 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं। पिछले हफ्ते वह 24वें नंबर पर थे।

टी-20 के ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी मिचेल सैंटनर करियर की बेस्ट रैंकिंग में पहुंच गए हैं। वे दो पायदान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर आ गए हैं।

कॉन्वे ने बैटर्स रैंकिंग में 4 स्थान की छलांग लगाई

बल्लेबाजों की टी-20 रैंकिंग में भारत के अभिषेक शर्मा शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। ईशान किशन भी पिछले हफ्ते की तरह दूसरे नंबर पर हैं। दोनों में सिर्फ 4 पॉइंट का अंतर है। न्यूजीलैंड के डेवोन कॉन्वे ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार करते हुए चार स्थान की छलांग लगाई। अब वह 70वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में कोई नया नाम नहीं

ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में कोई नया नाम शामिल नहीं हुआ है। सैंटनर ही 9वें से 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

वनडे रैंकिंग में सलमान आगा को 9 स्थान का फायदा

वनडे रैंकिंग में बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज और पाकिस्तान के टी-20 कप्तान सलमान अली आगा को फायदा हुआ है। पाकिस्तान के सलमान अली आगा हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी वनडे में शतक लगाया था, इससे उन्होंने एक साथ 9 स्थानों की छलांग मारी है, इससे अब वे 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग अब केएल राहुल के बराबर 664 हो गई है।

बॉलर्स में मेहदी हसन को फायदा

बांग्लादेश के लिए इस हफ्ते मेहदी हसन मिराज वनडे बॉलर्स की ताजा रैंकिंग में 9 स्थान की छलांग लगाकर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं 28 साल के मिराज ने ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भी दो पायदान का सुधार किया है और अब वह इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ गए हैं।

मेहदी हसन ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीनों मैचों में कुल पांच विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जिसकी बदौलत बांग्लादेश ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की।

उनके अलावा गेंदबाजों की सूची में तस्कीन अहमद ने 12 स्थान की बढ़त के साथ 28वां स्थान हासिल किया, जबकि मुस्तफिजूर रहमान 13 स्थान की छलांग लगाकर 47वें पायदान पर पहुंच गए।