अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला’ के नए लव ट्रैक 'तू ही दिसदा' का टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर में अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की रोमांटिक केमिस्ट्री नजर आ रही है।
गाने में अरिजीत सिंह और निकिता गांधी की आवाज वाले इस गाने में खूबसूरत लोकेशन्स और प्यारी लव स्टोरी की झलक दिखाई गई है।
अरिजीत सिंह की आवाज में रोमांटिक ट्रैक
फिल्म के पहले गाने 'राम जी आके भला करेंगे' की सफलता के बाद मेकर्स ने अब फिल्म का रोमांटिक पहलू पेश किया है। 'तू ही दिसदा' गाने के विजुअल्स में झरने, घने जंगल और खूबसूरत पहाड़ों के नजारे दिखाए गए हैं।
वामिका गब्बीअक्षय कुमार के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी और उनकी जोड़ी काफी 'नेचुरल' लग रही है। गाने में अरिजीत सिंह की सुकून देने वाली आवाज इस गाने को और खूबसूरत बना रही है।
14 साल बाद साथ आए अक्षय-प्रियदर्शन
'भूत बंगला' साल 2026 की बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन का 14 साल बाद साथ आना है।
इस जोड़ी ने पहले 'हेरा फेरी', 'भूल भुलैया' और 'गरम मसाला' जैसी कल्ट क्लासिक कॉमेडी फिल्में दी हैं। फैंस एक बार फिर बड़े पर्दे पर उसी पुराने स्टाइल का ह्यूमर और एंटरटेनमेंट देखने का इंतजार कर रहे हैं।
पुरानी कॉमेडी कास्ट की वापसी
फिल्म में सिर्फ अक्षय ही नहीं, बल्कि प्रियदर्शन की पसंदीदा कॉमेडी टीम भी वापस लौट रही है। फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। इन एक्टर्स की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पुरानी यादें ताजा कर दी हैं। फिल्म में इनके साथ तब्बू भी नजर आएंगी, जिससे स्टार कास्ट और भी मजबूत हो गई है।
अप्रैल में रिलीज होगी फिल्म
'भूत बंगला' का निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। एकता कपूर और अक्षय कुमार इसके प्रोड्यूसर हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।