राजधानी के लिए ₹1,03,700 करोड़ का बजट पेश, कई बड़ी घोषणाएं

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। इस बार सरकार ने 1 लाख 3 हजार 700 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि इस बजट को लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 'ग्रीन बजट' के रूप में तैयार किया गया है। इसी के तहत कुल बजट का 21 प्रतिशत हिस्सा पर्यावरण के लिए निर्धारित किया गया है।

बजट में एजुकेशन के लिए 19 हजार करोड़ का आवंटित किए गए हैं। नई योजना में 10वीं क्लास में मेरिट में आने वाले में सभी स्टूडेंट्स को लैपटॉप दिया जाएंगे। वहीं, 9वीं क्लास में पढ़ने वाली सभी बच्चियों को मुफ्त साइकिल दिए जाने की घोषणा की गई है।

PWD के लिए 5,921 करोड़ रुपए आवंटित

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के लिए 5,921 करोड़ रुपए का फंड आवंटित किए गए हैं। इसके साथ ही शहरी विकास के लिए 7,887 करोड़, यमुनापार के लिए 300 करोड़, झुग्गी विकास के लिए 800 करोड़, ग्रामीण विकास के लिए 787 करोड़ और विकास विभाग के लिए 914 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

बजट की अन्य बड़ी घोषणाएं…

फायर ब्रिगेड को 674 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इससे नए दमकल केंद्र बनेंगे और अत्याधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।

पानी की बर्बादी रोकने टैंकर व्यवस्था खत्म करने का ऐलान। चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 475 करोड़ का प्रावधान किया है।

बिजली विभा के लिए 3942 करोड़ रुपए आवंटित। इनमें बिजली तारों को अंडरग्राउंड करने के लिए 200 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

दिल्ली में सड़क सुधार के लिए एमसीडी को 1,000 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

धूल रहित सड़कों के लिए बजट में 1,352 करोड़ रुपए आवंटित।

आंगनबाड़ियों को मॉडर्न करने के लिए 33 करोड़ का फंड रखा गया है।

नए चार्जिंग स्टेशन, डिपो बनाने के लिए 320 करोड़ का बजट दिया गया है।

पार्क गार्डन के लिए 25 करोड़ और फंड प्रदूषण की रोकथाम के लिए 300 करोड़ रुपए दिए गए हैं।

आपदा प्रबंधन के लिए 10 करोड़। इसके लिए 5, शामनाथ मार्ग पर ऑफिस में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर बनेगा।

परिवहन के लिए 8374 करोड़ का फंड। मार्च 27 तक 7500 बसों का लक्ष्य और जिसमें से 5800 बसें इलेक्ट्रिक होंगी।

आत्मनिर्भर बनाने 1000 महिलाओं को ई-ऑटो का परमिट दिया जाएगा और 100 परमिट ट्रांसजेंडर को दिए जाएंगे।

दिल्ली लखपति बिटिया योजना शुरू। यह योजना दिल्ली की बेटी के जन्म के समय शुरू होगी और ग्रेजुएशन करने पर ₹1,00,000 मिलेंगे। इसके लिए 128 करोड़ के बजट का प्रावधान किया है।

जेनेटिक बीमारियों के लिए ‘अनमोल’ योजना

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जब कोई बच्चा घर में जन्म लेता है तो वह परिवार के लिए अनमोल होता है। बच्चे में कई बार जेनेटिक बीमारी होती है, लेकिन इसका पता बाद में चलता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए जेनेटिक बीमारियों की जांच के लिए 25 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। गर्भ में ही जेनेटिक बीमारियों के पता लगाने के लिए सभी 56 टेस्ट सरकार करवाएगी।

विधानसभा को उड़ाने की धमकी का ईमेल आया

बजट पेश होने से पहले मंगलवार सुबह दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के पास यह धमकी का ईमेल आया था। इसके चलते सुबह 11 बजे शुरू होने वाली सदन की कार्रवाई रोक दी गई थी।

स्निफर डॉग और बम स्क्वायड समेत जांच एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, सर्च ऑपरेशन में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद बजट सत्र की कार्रवाई आधे घंटे की देरी से शुरू हुई।

सिरफिरे लोग ही दे सकते हैं ऐसी धमकियां: डिप्टी स्पीकर

धमकी भरे ईमेल पर डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने कहा- इस तरह की धमकियां सिरफिरे लोग ही दे सकते हैं, जो सरकार को काम नहीं करने देना चाहते हैं। हम लोग डरेंगे नहीं क्योंकि ये दिल्ली के भविष्य की बात है।

उन्होंने आगे कहा- हालांकि हमें इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए क्योंकि यह विधानसभा का सवाल है। पिछली बार भी इसी तरह की धमकियां दी थी। हम बिल्कुल भी डरने और घबराने वाले नहीं है। विधानसभा का सत्र चलता रहेगा।

दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि बम डिटेक्शन टीम ने विधानसभा की गहनता से जांच की। कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।