रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 1.78 बिलियन डॉलर (करीब 16,706 करोड़ रुपए) की रिकॉर्ड बोली के साथ बिक गई है, जिससे यह IPL की सबसे महंगी टीम बन गई है. RCB टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन भी है. क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, मेंस और विमेंस दोनों टीमों को आदित्य बिड़ला ग्रुप (ABG), टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप (TOI), बोल्ट वेंचर्स (Bolt) और ब्लैकस्टोन्स परपिचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटिजी (BXPE) के कंसोर्टियम ने यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) से 100% शेयर खरीदकर हासिल किया.
इस नई ओनरशिप के साथ, आदित्य बिड़ला ग्रुप के डायरेक्टर और पूर्व फर्स्ट क्लास क्रिकेटर आर्यमान बिड़ला को टीम का चेयरमैन बनाया गया है. 28 वर्षीय आर्यमान का क्रिकेट और बिजनेस दोनों में अनुभव है; उन्होंने रणजी ट्रॉफी खेली है और बाद में आदित्य बिड़ला ग्रुप के हॉस्पिटैलिटी और वेंचर कैपिटल की शुरुआत की. 2008 में विजय माल्या द्वारा 111.6 मिलियन डॉलर (तब ₹446 करोड़) में खरीदी गई RCB की कीमत 19 साल में करीब 16 गुना बढ़ गई है. IPL 2026 के शुरुआती शेड्यूल में RCB का पहला मैच 28 मार्च को बेंगलुरु में SRH के खिलाफ होगा.
राजस्थान रॉयल्स भी 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,289 करोड़ रुपए) की बोली के साथ बिक गई है, जिससे यह दूसरी सबसे महंगी IPL टीम बन गई है. न्यूज़ एजेंसी PTI के अनुसार, भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी और उनके कंसोर्टियम ने सबसे बड़ी बोली लगाकर इसे खरीदा. 2008 में ₹260-270 करोड़ में खरीदी गई राजस्थान रॉयल्स की कीमत में 24 गुना का उछाल आया है. काल सोमानी, जो टेक्नोलॉजी और निवेश जगत का बड़ा नाम हैं और 2021 से फ्रेंचाइजी में इन्वेस्टर थे, ने आदित्य बिरला ग्रुप और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़कर यह बोली जीती. राजस्थान रॉयल्स 2008 में चैंपियन बनी थी, लेकिन 2015 में स्पॉट-फिक्सिंग मामले के कारण दो साल के लिए बैन भी हुई थी.