‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर फिल्म बनाने का ऐलान किया गया है। Bhushan Kumar और Vivek Agnihotri ने गुरुवार को इस प्रोजेक्ट की घोषणा की। यह फिल्म पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में भारतीय सेना की कार्रवाई से प्रेरित होगी। फिल्म का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री करेंगे।
यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ढिल्लों (रिटायर्ड) की किताब “Operation Sindoor: The Untold Story of India’s Deep Strikes Inside Pakistan” पर आधारित होगी। प्रोजेक्ट को T-Series और I Am Buddha Productions मिलकर प्रोड्यूस करेंगे। मेकर्स के अनुसार, फिल्म में भारत की ताकत, साहस और सटीक सैन्य कार्रवाई को प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ मई 2025 में 6-7 मई की रात को अंजाम दिया गया था, जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद किया गया था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। इस मिशन का उद्देश्य हमले के जिम्मेदार आतंकियों के ठिकानों को नष्ट करना था।
भूषण कुमार ने कहा कि यह कहानी अपने आप में महत्वपूर्ण है और इसे जिम्मेदारी के साथ दर्शकों के सामने लाना जरूरी है। वहीं, विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि फिल्म के लिए भारतीय सेना के विभिन्न विभागों के साथ मिलकर गहन रिसर्च की गई है, ताकि घटनाओं को सटीक और वास्तविक रूप में प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने भरोसा जताया कि यह फिल्म दर्शकों तक सच्चाई के करीब अनुभव पहुंचाने की कोशिश करेगी। फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारियां जल्द साझा की जाएंगी।