मार्च के अंतिम दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश, आंधी और कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने इन राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
28 मार्च को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश हो सकती है। बिहार में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने का खतरा है।
29 मार्च को हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और दिल्ली में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज आंधी चलने की आशंका है। बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
बिहार में बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट
बिहार में आज से मौसम का मिजाज काफी बदलने वाला है। मौसम विभाग पटना ने 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। चंपारण, सीतामढ़ी और शिवहर जैसे इलाकों में तो ओले गिर सकते है।
राजस्थान में ओले गिरने का खतरा
राजस्थान में आज यानी 27 मार्च से 30 मार्च तक आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट है। बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ समेत आठ जिलों में खासतौर पर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने किसानों से अपील की है कि खेतों में पड़ी कटी या पकी फसलों को तुरंत सुरक्षित जगह पहुंचा दें, क्योंकि ओले फसलों को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी रहने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश में बारिश से तापमान में गिरावट
मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों के अंदर ग्वालियर सहित सात जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। यह मार्च में तीसरी बारिश होगी।
गुरुवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि नर्मदापुरम में 41 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन आंधी से फसलों और बिजली व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में यलो अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह लखनऊ, मेरठ समेत दस जिलों में बादल छाए रहे और 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के 38 जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बूंदाबांदी का यलो अलर्ट जारी किया है। किसान और आम लोग सतर्क रहें, क्योंकि आंधी से नुकसान हो सकता है।
उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर के पुंछ में गुरुवार शाम आए एवलांच में 20 से ज्यादा गाड़ियां फंस गई थीं। बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों और वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।