देश के पांच राज्यों में अगले तीन दिन मौसम में बदलाव रहेगा। उत्तर प्रदेश में बुधवार सुबह बारिश हुई, 40 जिलों में अलर्ट भी जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में मथुरा, जालौन और कन्नौज में ओले गिरे।
उधर MP में आधे प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट है। बुधवार को इंदौर, उज्जैन-ग्वालियर समेत 29 जिलों में अलर्ट है। 4 अप्रैल तक ऐसा ही मौसम रहेगा। उसके बाद 15 अप्रैल से प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ेगी।
राजस्थान में 2 अप्रैल से फिर एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा। जिसके चलते बारिश होगी। मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे।
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में एवलांच (हिमस्खलन) आया और कई रास्ते बंद हो गए हैं। अगले 24 घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और एवलांच का अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 2 दिन मौसम का हाल
2 अप्रैल- पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गुजरात, झारखंड और बिहार में हल्की बारिश की संभावना है। कर्नाटक में बिजली गिरने की आशंका है।
3 अप्रैल- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। साथ ही कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी और राजस्थान में भी हल्की बारिश की संभावना है। महाराष्ट्र में बिजली गिरने की आशंका है।