संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अमेरिका और अन्य पश्चिमी सहयोगियों को बताया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए मदद करेगा। इसके लिए उसने तैयारी भी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार UAE दर्जनों देशों को "होर्मुज सुरक्षा बल" बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है, ताकि इस जलडमरूमध्य को ईरानी हमलों से बचाया जा सके और जहाजों को सुरक्षा दी जा सके।
UAE पर ईरान ने सबसे ज्यादा हमले किए हैं
UAE को इस क्षेत्र के किसी भी अन्य देश, यहां तक कि इजरायल से भी ज्यादा ईरानी हमलों का सामना करना पड़ा है। अमेरिका के कई सहयोगी देशों ने कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने के लिए जहाज भेजने की उनकी कोई तत्काल योजना नहीं है। इस बयान के साथ उन्होंने इस अहम जलमार्ग को खुला रखने के लिए ट्रंप की अपील को ठुकरा दिया है।
फ्रांस ने कहा युद्ध खत्म होने पर मिलेगी मदद
फ्रांस ने गुरुवार को कहा कि उसने लगभग 35 देशों के साथ बातचीत की है। ताकि स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए एक मिशन में साथ आ सके, लेकिन ऐसा तभी होगा जब ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल युद्ध खत्म होगा। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को प्रभावी ढंग से बंद कर दिया है। जहां से दुनिया का लगभग 20% तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) गुजरता है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उठ सकता है मामला
इससे कीमतें बढ़ गई हैं और दुनिया भर में महंगाई बढ़ने का डर पैदा हो गया है। कई रिपोर्ट के अनुसार UAE, बहरीन के साथ मिलकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव लाने पर भी काम कर रहा है, ताकि भविष्य में बनने वाले किसी भी टास्कफोर्स को काम करने का अधिकार मिल सके। हालांकि, रूस और चीन इस कदम का विरोध कर सकते हैं।