हनुमान जयंती पर शोभायात्रा को लेकर हाई अलर्ट, उत्तम नगर में भारी पुलिस फोर्स तैनात; चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा

राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी में कुछ ही समय में हनुमान जयंती के अवसर पर शोभायात्रा निकालने वाली है। इसी के मद्देनजर जहांगीरपुरी और उत्तम नगर में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम कर रखे हैं।

बता दें कि उत्तम नगर में बीते 4 मार्च को एक 26 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई थी। होली पर हुए इस हत्याकांड लेकर तभी से इलाके में तनाव जैसा माहौल बना हुआ है। इसी के चलते पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

शोभायात्रा के निकलने से पहले ही जहांगीरपुरी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस पहरा है।

कॉलोनी के निवासियों ने इस तनावपूर्ण स्थिति के लिए बाहरी तत्वों को जिम्मेदार ठहराया है। स्थानीय लोगों का तर्क है कि यहां रहने वाले लोग आपसी सद्भाव के साथ रहना चाहते हैं, लेकिन बाहर से आए कुछ लोग भड़काऊ बयानबाजी कर माहौल को जानबूझकर तनावपूर्ण बना रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे बाहरी लोगों पर नकेल कसी जाए जो शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं।

हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई

घटना के बाद उपद्रव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने लगभग 100 लोगों को हिरासत में लिया था। हालिया जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इन लोगों को सीधे रिहा करने के बजाय रणनीति के तहत नरेला, जाफरपुर और बवाना जैसे दूरदराज के इलाकों में ले जाकर शाम के समय छोड़ दिया। इस कदम को पुलिस की एक एहतियाती कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है ताकि मुख्य प्रभावित क्षेत्र में भीड़ जमा न हो सके।