देश के कई राज्यों में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में खतरा ज्यादा बना हुआ है, जहां हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन (एवलांच) की आशंका जताई गई है। हिमाचल के अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल क्षेत्र में एहतियातन पर्यटकों की एंट्री रोक दी गई है, जबकि जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में लोगों को बर्फीले और पहाड़ी क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में गुरुवार को 15 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जहां मऊगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। राजस्थान के सभी जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी है, वहीं जैसलमेर में शुक्रवार सुबह बारिश भी हुई। हरियाणा के हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में तेज आंधी चली, जिससे पहले हुई बारिश के साथ मिलकर करीब 100 गांवों में गेहूं, सरसों और चने की फसल को नुकसान पहुंचा है। दिल्ली में भी शुक्रवार सुबह धूलभरी आंधी के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी कम हो गई।
आने वाले दो दिनों यानी 4 और 5 अप्रैल को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश की संभावना है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि तमिलनाडु में बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।