Gmail यूजर्स अब अपना ईमेल एड्रेस बदल सकेंगे

Gmail यूजर्स के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसके तहत अब वे अपना ईमेल एड्रेस बदल सकेंगे। खास बात यह है कि नया यूजरनेम चुनने के बाद भी पुराना ईमेल एड्रेस डिलीट नहीं होगा, बल्कि वह एक अल्टरनेट ईमेल के रूप में काम करेगा। यानी पुराने और नए दोनों एड्रेस पर आने वाले मेल एक ही इनबॉक्स में मिलते रहेंगे और यूजर का पूरा डेटा—जैसे ईमेल, फोटोज, ड्राइव फाइल्स और मैसेज—सुरक्षित रहेगा। साथ ही यूजर्स गूगल की सभी सेवाओं में पुराने या नए किसी भी ईमेल से लॉग-इन कर सकेंगे।

हालांकि ईमेल एड्रेस बदलने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना जरूरी है। ईमेल बदलने पर कुछ ऐप्स की सेटिंग्स रीसेट हो सकती हैं, इसलिए अपने डेटा का बैकअप लेना जरूरी है। खासतौर पर एंड्रॉइड यूजर्स को कॉन्टैक्ट्स और फोटोज सुरक्षित कर लेने चाहिए। इसके अलावा, जो यूजर्स क्रोम ब्राउजर इस्तेमाल करते हैं, उन्हें सिंक सेटिंग्स दोबारा चेक करनी पड़ सकती हैं।

यूजरनेम बदलने की प्रक्रिया भी काफी आसान है। इसके लिए यूजर्स को गूगल अकाउंट सेटिंग्स में जाकर ‘Personal info’ सेक्शन में ‘Google Account email’ विकल्प चुनना होगा। वहां ‘Change Google Account email’ पर क्लिक करके नया यूजरनेम दर्ज करना होगा और कंफर्म करते ही ईमेल एड्रेस अपडेट हो जाएगा। हालांकि, अगर यह विकल्प दिखाई नहीं देता, तो इसका मतलब है कि यह फीचर अभी उस यूजर के लिए उपलब्ध नहीं हुआ है।

गूगल ने इस सुविधा के साथ कुछ सीमाएं भी तय की हैं। यूजर्स 12 महीने में सिर्फ एक बार ही अपना @gmail.com एड्रेस बदल सकते हैं और कुल मिलाकर अधिकतम तीन बार ही यह बदलाव संभव होगा। हालांकि जरूरत पड़ने पर पुराने ईमेल एड्रेस पर वापस स्विच करने का विकल्प भी मिलेगा, लेकिन नया ईमेल बनाने के बाद उसे तुरंत डिलीट नहीं किया जा सकेगा।