इंस्टाग्राम का भी पेड वर्जन, आ रहा इंस्टाग्राम प्लस

Meta अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर एक नया सब्सक्रिप्शन मॉडल टेस्ट कर रही है, जिसे ‘इंस्टाग्राम प्लस’ नाम दिया गया है। यह एक पेड सर्विस होगी, जिसमें यूजर्स को खास और एक्सक्लूसिव फीचर्स मिलेंगे, खासकर इंस्टाग्राम स्टोरी से जुड़े नए ऑप्शन। फिलहाल इस फीचर की टेस्टिंग मैक्सिको, जापान और फिलीपींस जैसे देशों में की जा रही है और जल्द ही इसे अन्य देशों में भी लॉन्च किया जा सकता है।

इस नए प्लान के तहत यूजर्स को कई एडवांस फीचर्स मिलेंगे। अब स्टोरी देखने पर आपका नाम सामने वाले को नहीं दिखेगा। साथ ही, एक से ज्यादा क्लोज फ्रेंड्स लिस्ट बनाने का विकल्प मिलेगा, जिससे अलग-अलग ऑडियंस के लिए अलग स्टोरी शेयर की जा सकेगी। इसके अलावा, यूजर्स यह भी देख पाएंगे कि उनकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया है, न कि सिर्फ कितने लोगों ने देखा।

इंस्टाग्राम प्लस में स्टोरी की समय सीमा बढ़ाने का विकल्प भी मिलेगा, यानी अब स्टोरी 24 घंटे से ज्यादा समय तक एक्टिव रखी जा सकेगी। इसके अलावा, स्टोरी पर एनिमेटेड ‘सुपरलाइक्स’ भेजने और व्यूअर लिस्ट में लोगों को सर्च करने जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।

कीमत की बात करें तो यह फीचर काफी हद तक Snapchat+ जैसा हो सकता है। शुरुआती टेस्टिंग में इसकी कीमत मैक्सिको में करीब 200 रुपए, जापान में लगभग 188 रुपए और फिलीपींस में करीब 100 रुपए प्रति महीने रखी गई है। भारत में लॉन्च होने पर इसकी कीमत भी इसी रेंज में रहने की संभावना जताई जा रही है।