देश के 20 से ज्यादा राज्यों में आज से आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है। आज से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है। बैक-टु-बैक दो सिस्टम एक्टिव होने से मौसम में बदलाव है।
यूपी के लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद में मंगलवार दोपहर बारिश हुई। मथुरा में तेज आंधी से सीएम योगी के कार्यक्रम का टेंट उड़ गया। वहीं राजस्थान के रेगिस्तानी जिल नागौर में बारिश के साथ ओले गिरे। जयपुर, बीकानेर और टोंन में भी तेज बारिश हुई।
इधर, मध्य प्रदेश में अगले 3 दिन आंधी-बारिश और ओले गिरने की संभावना रहेगी। ग्वालियर में आज बारिश हुई, जबकि 34 जिलों में अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा में मंगलवार सुबह लैंडस्लाइड से एक निर्माणाधीन पुल टूट गया। भरमौर और होली क्षेत्र को जोड़ने वाला सिंयूर पुल रावी नदी में समा गया। इसके बाद क्षेत्र के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चमोली में मंगलवार को बर्फबारी हुई। दिल्ली-NCR में भी मंगलवार को बारिश हुई।
अगले दो दिन मौसम का हाल
7-8 अप्रैल- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 10 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट और 15 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है।