नीतीश कुमार का ‘प्लान सेट’! शपथ से इस्तीफा तक पूरी टाइमलाइन सामने, सत्ता परिवर्तन की पटकथा तैयार

 बिहार में नई सरकार का गठन एक हफ्ते में हो सकता है। इससे पूर्व 10 अप्रैल को मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार राज्‍यसभा की शपथ लेंगे। 

14 अप्रैल को वे इस्‍तीफा देंगे और 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन हो सकता है। मंत्री व‍िजय कुमार चौधरी ने बताया कि नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्‍ली के लिए रवाना होंगे। 

अकेले नीतीश कुमार का होगा शपथ 

अगले दिन राज्‍यसभा सदस्‍य के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद 11 अप्रैल को वे पटना लौट जाएंगे। इसके बाद सरकार गठन की प्रक्र‍िया होगी।

इधर बताया जा रहा है कि राज्‍यसभा के लिए उस दिन केवल नीतीश कुमार ही शपथ लेंगे। बिहार से निर्वाचित भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष नित‍िन नवीन, केंद्रीय राज्‍यमंत्री रामनाथ ठाकुर व राष्‍ट्रीय लोक मोर्चा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का शपथ 16 अप्रैल को होगा। 

11 अप्रैल को नीतीश कुमार के पटना लौटने पर एनडीए विधानमंडल दल की बैठक की संभावना भी है। इसमें वे पद छोड़ने की जानकारी देंगे। इसके बाद सीएम पद से इस्‍तीफा का पत्र राज्‍यपाल को सौंपेंगे। 

बिहार भाजपा करेगा सीएम के नाम पर मंथन 

बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल को दिल्‍ली में बिहार भाजपा की अहम बैठक होगी। इसमें पीएम नरेन्‍द्र मोदी और गृह मंत्री अम‍ित शाह के भी शामिल होने की संभावना है।

बैठक में मुख्‍यमंत्री के नाम पर आम सहमत‍ि का प्रयास किया जाएगा। बिहार से इस बैठक में प्रदेश अध्‍यक्ष संजय सरावगी, डिप्‍टी सीएम सम्राट चौधरी, व‍िजय कुमार सिन्‍हा समेत अन्‍य सीनियर लीडर शामिल होंगे। 

इस बीच बुधवार 8 अप्रैल को नीतीश कुमार की अध्‍यक्षता में कैबिनेट की अंति‍म बैठक की चर्चा भी चल रही है। इसमें अहम फैसले लिए जाने की उम्‍मीद है। नीतीश कुमार पूर्व में ही विधान परिषद की सदस्‍यता से इस्‍तीफा दे चुके हैं।