उत्तराखंड में चारों धाम पर बर्फबारी, राजस्थान में भी गिरे ओले; मौसम ने बदला मिजाज

देश में एक साथ दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से मौसम बदल गया है। उत्तराखंड के चारों धाम-केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी हो रही है। राज्य के सभी जिलों में बारिश हो रही है।

राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर समेत कई जिलों में तूफानी बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई जिलों में एक इंच से ज्यादा पानी बरसा। वहीं, भरतपुर जिले में मकान पर बिजली गिरने से सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। बारिश की वजह से तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

यूपी के लखनऊ, गोरखपुर, गोंडा, जौनपुर, अलीगढ़ समेत 20 जिलों में आज तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश हो रही है। 9 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट है। पिछले हफ्ते आंधी-बिजली से 15 लोगों की मौत हो चुकी है।

मध्य प्रदेश में 3 साइक्लोनिक एक्टिविटी हैं। मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, पन्ना, सतना, रीवा समेत 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। दतिया, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ में ओले गिर सकते हैं। जम्मू-कश्मीर के रामबन में लैंडस्लाइड से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया है।

अगले दो दिन मौसम का हाल

8 अप्रैल: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। 40 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिहार, झारखंड, बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका।

9 अप्रैल: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। असम-मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि मध्य और पूर्व भारत के कुछ हिस्सों में गरज और चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना।