सीजफायर के बाद ट्रंप का टैरिफ अटैक! ईरान को हथियार देने वाले देशों पर 50% ज्यादा शुल्क लगाने का ऐलान

अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सख्त रुख अपनाते हुए ईरान का साथ देने वाले देशों को चेतावनी दी है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि जो भी देश ईरान को सैन्य हथियार सप्लाई करेगा, उसके द्वारा अमेरिका को निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों पर तुरंत 50% अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा और इसमें किसी तरह की कोई छूट नहीं दी जाएगी।

इस कड़े ऐलान से ठीक पहले ट्रंप ने एक और बयान में अमेरिका और ईरान के बीच सहयोग की बात कही। उन्होंने दावा किया कि ईरान अब यूरेनियम संवर्धन की गतिविधियां बंद कर देगा और दोनों देश मिलकर परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर काम करेंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि जमीन के भीतर मौजूद परमाणु सामग्री को बाहर निकालने की प्रक्रिया भी सख्त निगरानी में की जाएगी।

ट्रंप के मुताबिक, यह पूरा ऑपरेशन अमेरिकी सैटेलाइट सिस्टम की निगरानी में चल रहा है और अब तक किसी भी सामग्री के साथ छेड़छाड़ नहीं हुई है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका, ईरान को टैरिफ और प्रतिबंधों में राहत देने के मुद्दे पर बातचीत कर रहा है और 15 में से कई अहम बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है।