भारत में इस साल (2026) मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। स्काईमेट वेदर ने साल 2026 के लिए भारत के दक्षिण-पश्चिम मानसून का अपना पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके तहत इस बार जून से सितंबर के दौरान सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश होने की संभावना है।
शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, मानसून औसत का केवल 94% रह सकता है। कम बारिश का असर न सिर्फ खेती पर, बल्कि आपकी रसोई के बजट और देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। आइए जानते हैं इस साल क्यों कम होगी बरसात और इसका असर किस पर पड़ेगा।
स्काईमेट वेदर 2026 के मानसून पूर्वानुमान के मुताबिक, जून से सितंबर इन 4 महीनों में सामान्य औसत (LPA) 868.6 मिलीमीटर होता है, जबकि इस बार लगभग 817 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान है।
क्या होगा बारिश न होने का असर?
बारिश कम होने से किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान हो सकता है, इससे फसल उत्पादन गिर सकता है और खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ सकती हैं। इसके अलावा कम बारिश होने से कुछ इलाकों में पानी की कमी और बजली की डिमांड बढ़ सकती है। मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से हीटवेव का असर तेज हो सकता है।
कब कितनी होगी बारिश?
जून- मानसून की शुरुआत अच्छी रहने की उम्मीद है। जून में LPA की 101% बारिश का अनुमान है, जो सामान्य है।
जुलाई- इस महीने से मानसून में कुछ कमी आ सकती है। जुलाई में 95% बारिश की संभावना जताई गई है।
अगस्त- अगस्त के दौरान बारिश और घटकर 92% रह सकती है।
सितंबर- सीजन के आखिरी महीने में मानसून सबसे कमजोर रहने की आशंका है, जहां केवल 89% बारिश का अनुमान है।
30 प्रतिशत तक सूखे की आशंका
स्काईमेट के अनुसार पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे उत्तर-पश्चिमी राज्यों में सूखे की 30 प्रतिशत आशंका है, मध्य और पश्चिम भारत के राज्यों में कम बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत जैसे- बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
अल नीनो का असर
मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के पीछे की वजह अल नीनो को माना जा रहा है। जो एक क्लाइमेट घटना है, अल नीनो शांत महासागर के पानी को गर्म करती है और दुनिया भर के मौसम के पैटर्न को बिगाड़ती है। भारत के लिए, एल नीनो का मतलब अक्सर कम बारिश होता है, वयह पूर्वानुमान कृषि क्षेत्र के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि बारिश में कमी फसलों के पैदावार को प्रभावित कर सकती है।