नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार सुबह कर्मचारियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। सेक्टर-60, 62 समेत चार अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया और कई जगहों पर रोड जाम कर दिया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान हालात तेजी से बिगड़ते चले गए। कर्मचारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी और कई वाहनों में आग लगा दी। इस दौरान पुलिस की एक जीप को पलटकर उसमें भी तोड़फोड़ की गई। फेज-2 इलाके में भी गाड़ियों और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी, जिससे ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, फेज-2 के होजरी कॉम्प्लेक्स, मदरसन फैक्ट्री के आसपास, सेक्टर-60 मेट्रो स्टेशन के पास और सेक्टर-63 की फैक्ट्री परिसर में भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों द्वारा लगातार प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की जा रही है। अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि कर्मचारी लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। सोमवार को सप्ताह का पहला कार्यदिवस होने के कारण ट्रैफिक जाम ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। फिलहाल पुलिस स्थिति को काबू में करने और शांति बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई है।