पिछले 15 दिनों से वेस्टर्न डिस्टरबेंस ने तेज गर्मी पर ब्रेक लगा रखा था, लेकिन अब उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और उससे लगे राजस्थान के बॉर्डर वाले जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट है। पारा भी 40°C से ज्यादा पहुंच सकता है।
इधर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, सौराष्ट्र कच्छ, बिहार और झारखंड में इस हफ्ते पारा 40°C पार हो जाएगा।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में आज धूल भरी आंधी चलने का अलर्ट है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40kmph तक हो सकती है।
उधर, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, मध्य महाराष्ट्र में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। आंध्र प्रदेश में कुछ जगहों पर तापमान 44°C तक रिकॉर्ड किया गया है।
इसके उलट पूर्वोत्तर में असम, मेघालय, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
14 अप्रैल: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में गर्मी तेज रहेगी। बिहार और पूर्वी भारत में भी 3-5°C तक बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्य असम, मेघालय, अरुणाचल में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं।
15 अप्रैल: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में गर्मी और बढ़ेगी। मध्य प्रदेश में तापमान में 3-5°C तक की बढ़ोतरी का असर बना रहेगा। इन राज्यों में मौसम सूखा रहेगा और दिन में तेज गर्मी महसूस होगी।