विजडन ने दीप्ति शर्मा को चुना बेस्ट महिला क्रिकेटर, शानदार प्रदर्शन का मिला बड़ा सम्मान

क्रिकेट की ‘बाइबल’ कही जाने वाली पत्रिका विजडन क्रिकेटर्स अल्मनैक ने इस साल मिचेल स्टार्क को दुनिया का ‘लीडिंग पुरुष क्रिकेटर’ और दीप्ति शर्मा को ‘लीडिंग महिला क्रिकेटर’ चुना है।

पत्रिका का 163वां संस्करण कल यानी 15 अप्रैल को प्रकाशित होने जा रहा है। इस साल विजडन ने अपने सबसे पुराने सम्मान 'फाइव क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर' में 4 भारतीय खिलाड़ियों को भी जगह दी है।

इनमें टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा, ऋषभ पंत और मोहम्मद सिराज शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ रही टेस्ट सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। शुभमन गिल को एजबेस्टन टेस्ट में 430 रन बनाने के लिए 'विजडन ट्रॉफी' से भी नवाजा गया है।

स्टार्क ने एशेज में 18 विकेट लिए

ऑस्ट्रेलियाई फास्ट बॉलर मिचेल स्टार्क साल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 11 टेस्ट मैचों में 55 विकेट लिए, औसत सिर्फ 17.32 का रहा। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट सिर्फ 9 रनों पर लिए।

इसके बाद उन्होंने 2025-26 एशेज सीरीज के पहले दो टेस्ट में 18 विकेट झटके और पूरी सीरीज में 31 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई। स्टार्क इस समय 36 साल के हैं।

दीप्ति बनीं वर्ल्ड कप की स्टार

भारत की 28 साल की दीप्ति शर्मा ने पिछले साल नवंबर में विमेंस वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। विजडन ने दीप्ति को लीडिंग महिला क्रिकेटर चुना है।

दीप्ति ने टूर्नामेंट में 215 रन बनाने के साथ ही 22 विकेट भी लिए। फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 58 रन बनाए और 5 विकेट लेकर जीत पक्की की।

अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 टी-20 क्रिकेटर बने

विजडन ने भारत के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को दुनिया का 'लीडिंग टी-20 क्रिकेटर' घोषित किया है। अभिषेक ने एक कैलेंडर ईयर में 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 1000 से ज्यादा टी-20 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें ग्लोबल लेवल पर पहचान दिलाई है।

दूसरी तरफ, इंग्लैंड के पूर्व ओपनर हसीब हमीद इकलौते अंग्रेज खिलाड़ी हैं, जिन्हें इस साल के प्रमुख अवॉर्ड्स में जगह मिली है। उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप में नॉटिंघमशायर की कप्तानी करते हुए 66 की औसत से 1258 रन बनाए।

इंग्लैंड टीम की रणनीति पर सवाल: एडिटर बोले- टीम का मजाक बना

विजडन के एडिटर लॉरेंस बूथ ने एशेज में इंग्लैंड की 4-1 से हुई हार पर टीम मैनेजमेंट को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने लिखा, 'इंग्लैंड इतिहास रचने गया था, लेकिन मजाक बनकर रह गया।'

बूथ ने ब्रेंडन मैक्कलम और बेन स्टोक्स की जोड़ी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी रणनीति 'अनुमान के मुताबिक' हो गई है। वे तर्क सुनने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने उपकप्तान हैरी ब्रुक के एक विवाद का भी जिक्र किया जो सीरीज से पहले हुआ था।

प्राइवेट स्कूलों का खेल बनता जा रहा है इंग्लिश क्रिकेट

मैदान के बाहर की चुनौतियों पर बात करते हुए विजडन ने इंग्लैंड में क्रिकेट के गिरते स्तर पर चिंता जताई। जेम्स कॉइन ने लिखा कि इंग्लैंड में क्रिकेट अब केवल अमीर या प्राइवेट स्कूलों तक सीमित होता जा रहा है। जब तक क्रिकेट फिर से एक राष्ट्रीय खेल नहीं बनता और आम बच्चों तक इसकी पहुंच नहीं होती, इंग्लैंड लंबे समय तक दुनिया की नंबर-1 टीम नहीं बना रह पाएगा।

दिग्गज अंपायर डिकी बर्ड को श्रद्धांजलि

इस साल का अल्मनैक दिग्गज अंपायर डिकी बर्ड को भी समर्पित है, जिनका पिछले साल सितंबर में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। पूर्व क्रिकेटर डेरेक प्रिंगल ने उन्हें याद करते हुए लिखा कि डिकी की मैदान पर मौजूदगी किसी कलाकार की तरह होती थी।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आज के आईसीसी के दौर में, जहां तकनीक को भावनाओं से ऊपर रखा जाता है, डिकी बर्ड जैसी शख्सियत और उनकी अंपायरिंग स्टाइल को शायद जगह न मिलती।

विजडन पत्रिका- 1864 में स्थापना हुई थी

विजडन क्रिकेटर्स अल्मानैक दुनिया की मशहूर स्पोर्ट्स रेफरेंस बुक है। इसे सामान्य रूप से विजडन नाम से भी जाना जाता है। यह ब्रिटेन में 1864 से हर साल प्रकाशित होती है। इसकी स्थापना जॉन विजडन ने की थी।

इसकी स्थापना का मकसद था दुनियाभर में क्रिकेट की प्रामाणिक कवरेज देना। इसमें डिटेल्ड स्कोरकार्ड, रिकॉर्ड्स और क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर्स अवॉर्ड्स शामिल हैं।