देश के मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी जारी है। गुरुवार को यूपी के बांदा में पारा 44.4°C, एमपी के नर्मदापुरम में 43°C, राजस्थान के बाड़मेर में 42.9°C रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में पारा 40°C से 45°C के बीच है।
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण 11 दिन पहले स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। मध्य प्रदेश के अनूपपुर-डिंडोरी में भी स्कूलों का टाइम बदलकर सुबह 7 से 12 बजे तक कर दिया गया है।
गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड में अगले 3 दिन लू का अलर्ट है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी लू चलेगी। तटीय राज्यों में मौसम उमस भरा रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया है कि कर्नाटक-महाराष्ट्र के ऊपर बना एक एंटी-साइक्लोनिक सिस्टम मध्य भारत की तरफ बढ़ रहा है। इस वजह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
जम्मू-कश्मीर में ओले, पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में भारी बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में ओले गिरने का भी ऑरेंज अलर्ट है। वहीं उत्तराखंड, पंजाब-हरियाणा, चंड़ीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों, यानी असम और मेघालय में भारी बारिश होगी। सिक्किम, गंगा से सटे और हिमालय से लगे बंगाल, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम
18 अप्रैल:
छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक में हीटवेव की चेतावनी है। गुजरात, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है।
19 अप्रैल:
छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर लू का अलर्ट है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में भारी बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में आंधी और बिजली की आशंका है।